पुणे से शिरडी के लिए पहली दैनिक रेल सेवा शुरू, 17 जून को रेल मंत्री करेंगे शुभारंभ

पुणे से शिरडी के लिए पहली दैनिक रेल सेवा शुरू, 17 जून को रेल मंत्री करेंगे शुभारंभ

महाराष्ट्र के लाखों साईं भक्तों के लिए भारतीय रेल ने एक बड़ी सौगात दी है। अब श्रद्धालुओं को पुणे से शिरडी तक सीधे रेल यात्रा की सुविधा मिलने जा रही है। भारतीय रेल 17 जून 2026 से पुणे और शिरडी के बीच पहली दैनिक एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू करने जा रही है।

इस नई रेल सेवा को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 17 जून को दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर पुणे जंक्शन रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।

यह पहली बार होगा जब पुणे और शिरडी के बीच सीधी रेल सेवा उपलब्ध होगी। लंबे समय से साईं बाबा के भक्तों और यात्रियों द्वारा इसकी मांग की जा रही थी, जिसे अब रेलवे ने पूरा कर दिया है।

पुणे महाराष्ट्र का प्रमुख शैक्षणिक, औद्योगिक और तकनीकी केंद्र है। इसे पूर्व का ऑक्सफोर्ड भी कहा जाता है। यहां देशभर से विद्यार्थी, उद्योगपति और नौकरीपेशा लोग आते हैं। शहर अपने ऐतिहासिक स्थलों जैसे शनिवार वाड़ा और आगा खान महल के लिए भी प्रसिद्ध है।

वहीं शिरडी देश के सबसे बड़े धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां स्थित साईं बाबा मंदिर शिरडी में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नई रेल सेवा से श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सस्ती और आरामदायक यात्रा सुविधा मिलेगी, विशेषकर बुजुर्गों और परिवारों को इसका बड़ा लाभ होगा।

इस ट्रेन के प्रमुख ठहराव दौंड कॉर्ड, श्रीगोंदा, अहिल्यानगर, राहुरी और बेलापुर होंगे। राहुरी में स्थित महात्मा फुले कृषि विद्यापीठ के छात्र, वैज्ञानिक, शोधकर्ता और किसान भी इस सेवा से लाभान्वित होंगे। वहीं बेलापुर से प्रसिद्ध शनि शिंगणापुर मंदिर तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा।

रेलवे के अनुसार इस नई ट्रेन सेवा से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही शिरडी और अहिल्यानगर क्षेत्र के लोगों को पुणे में बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया कि यह नई रेल सेवा यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।