आईआरसीटीसी लेकर आया दक्षिण भारत दर्शन का सुनहरा मौका, भारत गौरव ट्रेन से करें 12 दिन की धार्मिक यात्रा

आईआरसीटीसी लेकर आया दक्षिण भारत दर्शन का सुनहरा मौका, भारत गौरव ट्रेन से करें 12 दिन की धार्मिक यात्रा

लखनऊ। भारतीय रेलवे के उपक्रम इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा का विशेष अवसर प्रदान किया है। आईआरसीटीसी द्वारा भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के माध्यम से 11 रात और 12 दिन की विशेष धार्मिक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जो 29 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक संचालित होगी।

इस विशेष यात्रा की शुरुआत योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु दक्षिण भारत के कई प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के दर्शन कर सकेंगे। इसमें तिरुपति बालाजी मंदिर (तिरुपति), रामनाथस्वामी मंदिर (रामेश्वरम), मीनाक्षी मंदिर (मदुरै), कन्याकुमारी तथा मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग जैसे प्रमुख तीर्थ स्थल शामिल हैं।

इस यात्रा के लिए कुल 751 सीटों की व्यवस्था की गई है, जिसमें द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी (2 एसी) में 49 सीटें, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी (3 एसी) में 210 सीटें तथा शयनयान श्रेणी (स्लीपर क्लास) में 492 सीटें उपलब्ध रहेंगी। यात्रियों को चढ़ने और उतरने की सुविधा योग नगरी ऋषिकेश, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम और मानिकपुर स्टेशनों पर मिलेगी।

यात्रा के दौरान यात्रियों को रेल यात्रा, सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात्रि का शुद्ध शाकाहारी भोजन, होटल में ठहरने की सुविधा तथा स्थानीय भ्रमण के लिए एसी एवं गैर एसी बसों की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।

इकोनॉमी श्रेणी (स्लीपर क्लास) के लिए पैकेज का मूल्य 24,350 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है, जबकि 5 से 11 वर्ष के बच्चों के लिए 22,980 रुपये निर्धारित है।

स्टैंडर्ड श्रेणी (3 एसी) में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए पैकेज का मूल्य 41,800 रुपये प्रति व्यक्ति तथा बच्चों के लिए 40,200 रुपये रखा गया है।

कम्फर्ट श्रेणी (2 एसी) में यात्रा करने वालों के लिए पैकेज का मूल्य 55,750 रुपये प्रति व्यक्ति तथा बच्चों के लिए 53,850 रुपये निर्धारित किया गया है।

आईआरसीटीसी ने यात्रियों की सुविधा के लिए इस यात्रा पैकेज में एलटीसी और ईएमआई की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। ईएमआई सुविधा सरकारी और गैर सरकारी बैंकों के माध्यम से ली जा सकती है।

इस विशेष यात्रा पैकेज की बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। यात्री लखनऊ के गोमती नगर स्थित पर्यटन भवन में आईआरसीटीसी कार्यालय से या आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं।

अधिक जानकारी एवं बुकिंग के लिए यात्री आईआरसीटीसी के हेल्पलाइन नंबर 9236391908, 8287930908, 8287930199, 9417105544, 7302821864, 8303555714 और 9717649856 पर संपर्क कर सकते हैं।

आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि इस विशेष धार्मिक यात्रा का उद्देश्य यात्रियों और श्रद्धालुओं को एक ही पैकेज में दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कराना और सुरक्षित व सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।