अजमेर मंडल में 15 जून को लगेगी पेंशन अदालत, सेवानिवृत्त रेलकर्मियों की शिकायतों का होगा त्वरित समाधान

अजमेर। सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और अधिकारियों की पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए 15 जून 2026 को विशेष पेंशन अदालत आयोजित की जाएगी। यह अदालत मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, अजमेर के मुख्य सभाकक्ष में सुबह 11 बजे से शुरू होगी।

रेलवे प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इस विशेष पेंशन अदालत का उद्देश्य अजमेर मंडल से सेवानिवृत्त राजपत्रित एवं अराजपत्रित कर्मचारियों की पेंशन, पारिवारिक पेंशन, उपदान राशि तथा अन्य लंबित भुगतान संबंधी शिकायतों का त्वरित और मौके पर ही समाधान करना है।

रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार आयोजित इस पेंशन अदालत में उन सभी पेंशनभोगियों को अवसर दिया जाएगा जिनकी समस्याओं का समाधान अब तक नहीं हो पाया है या जो अपने प्रतिवेदन पर की गई प्रारंभिक कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे पेंशनभोगी 15 जून को आयोजित होने वाली अदालत में स्वयं उपस्थित होकर अपनी शिकायत सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानियों से राहत दिलाना तथा उनकी पेंशन संबंधी सभी लंबित समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करना है।

अजमेर मंडल द्वारा आयोजित यह पेंशन अदालत सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को राहत देने और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।