अलीगढ़ हरदुआगंज के मुख्य बाजार में स्टेशनरी गोदाम में लगी भीषण आग, सीएफओ मुकेश कुमार के निर्देशन में फायर सर्विस ने टाला बड़ा हादसा, नागरिकों ने की सराहना

अलीगढ़ हरदुआगंज के मुख्य बाजार में स्टेशनरी गोदाम में लगी भीषण आग, सीएफओ मुकेश कुमार के निर्देशन में फायर सर्विस ने टाला बड़ा हादसा, नागरिकों ने की सराहना

अलीगढ़ के हरदुआगंज स्थित मुख्य बाजार क्षेत्र में शुक्रवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जवाहर चौक स्थित एक स्टेशनरी दुकान और उसके प्रथम तल पर बने गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि आसपास की कई दुकानों और घनी आबादी वाले इलाके पर खतरा मंडराने लगा।

घटना की सूचना सुबह करीब 5 बजकर 40 मिनट पर मिलते ही उत्तर प्रदेश अग्निशमन सेवा की टीम तुरंत हरकत में आ गई। आग की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) मुकेश कुमार ने तत्काल मोर्चा संभाला और उनके निर्देशन में बन्नादेवी, तालानगरी तथा अतरौली से फायर टेंडर मौके पर भेजे गए।

फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचते ही तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की भयावह स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त संसाधन लगाए गए और दमकल कर्मियों ने साहस, सूझबूझ एवं कड़ी मेहनत से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक दिया। अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो पूरा बाजार इसकी चपेट में आ सकता था और बड़ा नुकसान हो सकता था।

कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई।

घटनास्थल पर मौजूद व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने सीएफओ मुकेश कुमार के नेतृत्व में फायर सर्विस टीम की त्वरित कार्रवाई, बहादुरी और कार्यकुशलता की जमकर सराहना की। लोगों ने कहा कि फायर ब्रिगेड की तत्परता ने एक बड़े हादसे को टाल दिया और कई दुकानों को सुरक्षित बचा लिया।

सीएफओ मुकेश कुमार के कुशल नेतृत्व और फायर सर्विस की मुस्तैदी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आपदा के समय उनकी त्वरित कार्रवाई ही जन-धन की सबसे बड़ी सुरक्षा है।