श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, 12 दिनों में 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

कटड़ा,देशभर में चल रही गर्मी की छुट्टियों और सुहावने मौसम के बीच श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में भक्तों का अभूतपूर्व सैलाब देखने को मिल रहा है। जून महीने के केवल 12 दिनों में ही 5 लाख 25 हजार से अधिक श्रद्धालु माता के दरबार में माथा टेक चुके हैं, जो इस वर्ष यात्रा को लेकर भक्तों की गहरी आस्था और उत्साह को दर्शाता है।

इस वर्ष जनवरी से अब तक 46 लाख से अधिक श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं। जिस तरह लगातार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है, उसे देखते हुए माना जा रहा है कि वर्ष 2026 में यात्रा का आंकड़ा एक करोड़ के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को भी पार कर सकता है।

शुक्रवार को भी हजारों श्रद्धालु यात्रा पंजीकरण करवाकर ?जय माता दी? के जयकारों के साथ भवन की ओर रवाना होते रहे। दिन में बादलों और ठंडी हवाओं के कारण मौसम बेहद सुहावना बना रहा, जिससे श्रद्धालुओं को चढ़ाई के दौरान राहत मिली और पूरी यात्रा आरामदायक बनी रही।

श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने अपने कर्मचारियों की छुट्टियां फिलहाल रद्द कर दी हैं ताकि दर्शन व्यवस्था और सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न आने पाए।

वहीं प्रशासन, पुलिस विभाग और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान यात्रा मार्ग पर लगातार तैनात रहकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए हुए हैं, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित और सहज वातावरण में यात्रा कर सकें।

मौसम के कारण हेलीकॉप्टर सेवा कुछ समय के लिए प्रभावित जरूर हुई, लेकिन बाद में फिर सामान्य रूप से शुरू हो गई। इसके अलावा बैटरी कार, केबल कार, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं लगातार उपलब्ध रहीं, जिनका बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया।

इस समय प्रतिदिन 43 हजार से 50 हजार श्रद्धालु यात्रा कर रहे हैं, जिससे भवन परिसर, यात्रा मार्ग और आधार शिविर कटरा पूरी तरह भक्तिमय माहौल से सराबोर है। हर तरफ श्रद्धालुओं की चहल-पहल और भक्ति का उत्साह दिखाई दे रहा है।

यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु कटरा बाजार में जमकर खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे स्थानीय व्यापार में भी शानदार रौनक लौट आई है। 11 जून को अकेले 47,400 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि शुक्रवार दोपहर तक करीब 30 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे।

आस्था, उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और भक्तों के बढ़ते उत्साह के बीच माता वैष्णो देवी यात्रा 2026 नए कीर्तिमान स्थापित करती नजर आ रही है। मां के दरबार में उमड़ रही यह श्रद्धा बताती है कि विश्वास और भक्ति की शक्ति पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है।