मुरादाबाद में एफएसडीए की छापेमारी, 9 मसाला नमूने लिए; दो चिकन विक्रेताओं की बिक्री पर लगी रोक

मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, नौ मसाला नमूने लिए गए, दो दुकानों की बिक्री पर लगी रोक

मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर मसाला उत्पादों की जांच की। अभियान के दौरान लाल मिर्च, हल्दी और धनिया पाउडर सहित विभिन्न मसालों के कुल 9 नमूने संग्रहित किए गए।

अभियान के तहत अधिकारियों ने लाल मिर्च पाउडर के 4, हल्दी पाउडर के 4 तथा धनिया पाउडर का 1 नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच के लिए कुल 16 निरीक्षण भी किए गए।

जांच के दौरान हिमगिरी कॉलोनी बाईपास रोड स्थित ए-वन चिकन बिरयानी कार्नर तथा अन्य एक चिकन विक्रेता प्रतिष्ठान पर खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन न पाए जाने पर कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने दोनों प्रतिष्ठानों को मौके पर चिकन स्टोर करने और बेचने के संबंध में आवश्यक पंजीकरण प्रस्तुत न करने पर तत्काल प्रभाव से व्यवसाय संचालन बंद करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्हें वैध लाइसेंस एवं पंजीकरण प्राप्त करने के बाद ही कारोबार शुरू करने को कहा गया।

यह विशेष अभियान खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. यादव, के.जी. यादव, भूपेंद्र सिंह, राजीव कुमार तथा राम किशोर की टीम द्वारा चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।