पीलीभीत में रेलवे की कॉपर वायर चोरी करते शातिर चोर गिरफ्तार, आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई

पीलीभीत में रेलवे की कॉपर वायर चोरी करते शातिर चोर गिरफ्तार, आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई

गोरखपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा रेल संपत्ति की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की गई है। आरपीएफ ने पीलीभीत जिले के पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे की कॉपर वायर चोरी करते हुए एक शातिर अपराधी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 10 जून 2026 को रेलवे सुरक्षा बल पीलीभीत और अपराध आसूचना शाखा इज्जतनगर की संयुक्त टीम द्वारा स्टेशन परिसर में निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पूरनपुर रेलवे स्टेशन के पैदल उपरिगामी पुल (फुट ओवर ब्रिज) के नीचे एक व्यक्ति रेलवे संपत्ति की कॉपर वायर काटते हुए संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया।

आरपीएफ टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। जांच में उसके पास से रेलवे की चोरी की जा रही कॉपर वायर बरामद की गई।

रेलवे सुरक्षा बल ने आरोपी के खिलाफ रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच जारी है।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे संपत्ति की सुरक्षा, अवैध गतिविधियों पर अंकुश, यात्रियों की सुरक्षा तथा मानव तस्करी की रोकथाम के लिए रेलवे सुरक्षा बल लगातार सतर्कता अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में यह कार्रवाई की गई, जिससे रेलवे को संभावित नुकसान से बचाया जा सका।

आरपीएफ ने स्पष्ट किया है कि रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।