31 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार मगर  चंदौली में इस नेटवर्क का सरगना कौन, सवाल बरकरार

चंदौली। मुगलसराय पुलिस स्वाट और सर्विलांस टीम ने चकिया तिराहे के पास कार से 31.2 किलो गांजा बरामद कर बिहार निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बिहार से गांजा लाकर वाराणसी और चंदौली सहित आसपास के जिलों में सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।

गिरफ्तारी के बाद अब कई सवाल खड़े हो गए हैं। यदि आरोपी लंबे समय से सप्लाई कर रहा था तो इससे पहले कितनी खेप वाराणसी और चंदौली तक पहुंच चुकी हैं? साथ ही वह गांजा किन लोगों को उपलब्ध कराता था और उसके स्थानीय संपर्क कौन हैं?

इधर, जिले में चर्चा है कि अलीनगर क्षेत्र का एक व्यक्ति लंबे समय से नशे के कारोबार के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और वाराणसी-चंदौली बेल्ट में गांजे की सप्लाई का सिंडिकेट संचालित करता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

ऐसे में अब नजर पुलिस जांच पर है कि क्या 31 किलो गांजे की बरामदगी केवल एक तस्कर की गिरफ्तारी तक सीमित रहेगी या फिर इसके जरिए वाराणसी-चंदौली में सक्रिय पूरे नशा नेटवर्क और उसके कथित सरगनाओं तक भी पुलिस पहुंच पाएगी।