मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग का विशेष अभियान, छह होटलों का किया गया निरीक्षण

मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग का विशेष अभियान, छह होटलों का किया गया निरीक्षण

मुरादाबाद। महानिदेशक अग्निशमन तथा आपात सेवा मुख्यालय, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद मुरादाबाद में अग्नि सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से स्कीम संख्या-05 के तहत विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान शहर के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और पब्लिक क्लबों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

08 जून 2026 को संचालित इस अभियान के तहत कुल 6 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण किए गए प्रतिष्ठानों में होटल द फोर्ट, होटल रीगल, होटल क्रॉस रोड मॉल, होटल श्लोक (कटघर), होटल केशव (कटघर) और होटल रिलेक्स इन शामिल रहे।

अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों और सुरक्षा मानकों की जांच की। होटल संचालकों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि सभी अग्नि सुरक्षा उपकरणों को हमेशा कार्यशील अवस्था में रखें तथा उनका नियमित अनुरक्षण कराते रहें।

इसके अलावा कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, लोगों की सुरक्षित निकासी और प्राथमिक अग्निशमन उपायों के संबंध में प्रशिक्षण एवं आवश्यक जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को आग से बचाव के उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों के प्रति भी जागरूक किया।

सीएफओ डॉ राजीव कुमार पाण्डेय ने कहा कि इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि सार्वजनिक स्थलों पर अग्नि सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।