वैष्णो देवी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 48 हजार श्रद्धालु पहुंचे भवन की ओर, शाम 7 बजे बंद हुए पंजीकरण कक्ष

कटड़ा। जम्मू-कश्मीर स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री माता वैष्णो देवी धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रविवार को यात्रा में रिकॉर्ड स्तर पर बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने शाम 7 बजे पंजीकरण कक्ष बंद कर दिए। जानकारी के अनुसार करीब 48 हजार श्रद्धालु भवन की ओर रवाना हो चुके थे, जबकि नए पंजीकरण अब सोमवार सुबह 4 बजे से शुरू किए जाएंगे।

यात्रा मार्ग पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। पंजीकरण केंद्र, दर्शनी ड्योढ़ी, प्रवेश द्वार, सुरक्षा जांच केंद्रों और भवन परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। भारी भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह और माता के दर्शन की लालसा लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है।

श्राइन बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार शनिवार रात 8 बजे तक 47,500 से अधिक श्रद्धालुओं ने यात्रा पंजीकरण कराया था। रविवार को यह संख्या और बढ़ गई, जिसके चलते शाम 7 बजे तक लगभग 48 हजार श्रद्धालु भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पंजीकरण कक्ष अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए।

यात्रा में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस विभाग, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, सीआरपीएफ तथा आपदा प्रबंधन दल संयुक्त रूप से सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। यात्रा मार्ग के संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों और अधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस बीच मौसम साफ रहने के कारण यात्रा मार्ग पर गर्मी का असर भी देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु पसीने से तरबतर होकर कठिन चढ़ाई तय कर रहे हैं, लेकिन उनके चेहरों पर माता के दर्शन की खुशी और गहरी आस्था साफ झलक रही है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, पर्याप्त पानी साथ रखें तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें, जिससे यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।