मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग का विशेष अभियान, होटलों में किया फायर ऑडिट और सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम

मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग का विशेष अभियान, होटलों में किया फायर ऑडिट और सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम

मुरादाबाद। महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तर प्रदेश के आदेश तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देशन में अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग द्वारा जनपद में संचालित विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया।

स्कीम नंबर-05 के अंतर्गत आयोजित इस विशेष अभियान का नेतृत्व मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पांडेय ने किया। उनके साथ फायर स्टेशन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा एवं फायर सेफ्टी स्टेशन अधिकारी मोहित कुमार भी मौजूद रहे।

अभियान के दौरान शहर के विभिन्न होटलों एवं रेस्टोरेंट्स का फायर ऑडिट किया गया। अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में स्थापित अग्निशमन उपकरणों, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास मार्गों तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। टीम द्वारा आपातकालीन निकास मार्गों की उपलब्धता एवं उनकी उपयोगिता की भी जांच की गई।

इस अवसर पर होटल प्रबंधन एवं कर्मचारियों को अग्निकांड की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों की जानकारी देते हुए फायर डेमोंस्ट्रेशन भी कराया गया। अग्निशमन अधिकारियों ने आग लगने की स्थिति में प्रारंभिक नियंत्रण के उपायों और अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग की जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान जहां-जहां अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं, वहां संबंधित संचालकों को उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा के दृष्टिगत अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करना सभी प्रतिष्ठानों के लिए अनिवार्य है।

अग्निशमन विभाग ने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे ताकि जनपद में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ लोगों को आपदा के समय सुरक्षित रहने के प्रति जागरूक किया जा सके।