रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शकूरबस्ती डिपो में कर्मचारियों का बढ़ाया उत्साह, समस्याओं के तत्काल समाधान के दिए निर्देश

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शकूरबस्ती डिपो में कर्मचारियों का बढ़ाया उत्साह, समस्याओं के तत्काल समाधान के दिए निर्देश

भारतीय रेल के विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने और रेलकर्मियों से सीधे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को उत्तर रेलवे के तिलक ब्रिज शकूरबस्ती रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं, परिचालन व्यवस्था तथा आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा भी की।

निरीक्षण कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू शकूरबस्ती डिपो में रेल मंत्री का कर्मचारियों और तकनीकी स्टाफ के साथ सीधा संवाद रहा। डिपो पहुंचने पर अश्विनी वैष्णव ने मेंटेनेंस स्टाफ, तकनीशियनों और अन्य रेलकर्मियों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की तथा उनके कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

रेल मंत्री ने कर्मचारियों से उनके कार्यस्थल पर उपलब्ध सुविधाओं, दैनिक चुनौतियों और कार्य निष्पादन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। कर्मचारियों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव उनके समक्ष रखे। इस दौरान माहौल पूरी तरह संवादात्मक और सौहार्दपूर्ण रहा, जिससे कर्मचारियों ने स्वयं को रेलवे प्रशासन का महत्वपूर्ण हिस्सा महसूस किया।

कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अश्विनी वैष्णव ने मौके पर मौजूद वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रेलकर्मियों की समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक प्रशासनिक देरी न होने पाए। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए।

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेल की सफलता के पीछे लाखों रेलकर्मियों का समर्पण, परिश्रम और तकनीकी दक्षता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कर्मचारियों के लिए सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि रेलकर्मियों का मनोबल बढ़ाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है।

निरीक्षण के दौरान रेल मंत्री ने परिचालन दक्षता, रखरखाव व्यवस्था और भविष्य की विकास योजनाओं की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।

रेल मंत्री के इस दौरे और कर्मचारियों से सीधे संवाद की पहल को रेलकर्मियों ने बेहद सकारात्मक बताया। कर्मचारियों ने कहा कि शीर्ष स्तर पर उनकी बात सुने जाने और समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल निर्देश मिलने से उनका मनोबल बढ़ा है तथा रेलवे प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।