दिल्ली अग्निकांड के बाद अलीगढ़ में चला विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान, होटलों और रेस्टोरेंटों का फायर ऑडिट

अलीगढ़। दिल्ली में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड में हुई जनहानि के मद्देनजर जनपद अलीगढ़ में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। महानिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्यालय, लखनऊ के निर्देश पर स्कीम संख्या-05 के अंतर्गत जिले के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, क्लब एवं अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग की टीमों ने भवनों में स्थापित अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की तथा कर्मचारियों और प्रबंधन को अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही मॉक ड्रिल एवं इवैक्यूएशन ड्रिल का आयोजन कर आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

अभियान के दौरान होटलों, रेस्टोरेंटों और क्लबों में कार्यरत प्रबंधकों, कर्मचारियों एवं मौजूद लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। उन्हें अग्निशमन यंत्रों के सही संचालन, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया तथा स्वयं एवं अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया।

अग्निशमन विभाग ने संस्थानों के प्रबंधन को पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था, सुरक्षित निकास मार्ग तथा सभी अग्नि सुरक्षा मानकों को स्थापित एवं कार्यशील बनाए रखने के निर्देश दिए। जिन भवनों में अग्नि सुरक्षा मानक अधूरे पाए गए, उन्हें नोटिस जारी कर निर्धारित समयावधि में कमियों को दूर करने के निर्देश दिए जाएंगे। विभाग ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में मानकों की पूर्ति नहीं होने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान निकटवर्ती अग्निशमन केंद्रों के संपर्क नंबरों का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा लोगों से किसी भी आपात स्थिति में तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना देने की अपील की गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे।