प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की हुई व्यापक समीक्षा, विकास कार्यों को मिलेगी नई गति

प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की हुई व्यापक समीक्षा, विकास कार्यों को मिलेगी नई गति

प्रयागराज। यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर एसआईजी (SIG) निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण कर भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

वाणिज्य विभाग के संयोजन में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक का नेतृत्व वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक डॉ. शिवम शर्मा ने किया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर बढ़ते यात्री फुटफॉल को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सुविधाओं की समीक्षा की गई तथा यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदमों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (कोचिंग) पुलकित, मंडल अभियंता/संपदा वी.के. त्रिपाठी, सहायक सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ), स्टेशन अधीक्षक, वाणिज्य निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों और अन्य बुनियादी सेवाओं का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के उपायों पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में यात्रियों को ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) के माध्यम से स्वयं टिकट प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करने पर भी चर्चा हुई, जिससे टिकट काउंटरों पर भीड़ कम हो और यात्रियों का समय बच सके। इसके अलावा स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा उसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों ने विभिन्न विभागों को आवश्यक कार्यों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश देते हुए कहा कि प्रयागराज छिवकी स्टेशन को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करना प्राथमिकता है। उन्होंने यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार और उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस समीक्षा बैठक से स्टेशन के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक तथा बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने में मदद मिलेगी। प्रयागराज छिवकी स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक आदर्श स्टेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में रेलवे लगातार प्रयासरत है।