गर्मी बोली- मैं नहीं छोड़ूंगी, भक्त बोले- जय माता दी, हम भी नहीं रुकेंगे!

भीषण गर्मी भी नहीं डिगा सकी आस्था, 43 हजार तक श्रद्धालु प्रतिदिन कर रहे मां वैष्णो देवी के दर्शन

कटड़ा। प्रचंड गर्मी, उमस और गर्म हवाओं के बावजूद माता वैष्णो देवी के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था पहले की तरह अटूट बनी हुई है। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन कटड़ा पहुंच रहे हैं और पूरे उत्साह के साथ पवित्र भवन तक की यात्रा कर मां के दर्शन कर रहे हैं। मौसम की कठिन परिस्थितियां भी श्रद्धालुओं के जोश और विश्वास को कम नहीं कर पा रही हैं।

इन दिनों कटड़ा और यात्रा मार्ग पर दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। इसके बावजूद श्रद्धालु जय माता दी के जयकारों के साथ लगातार भवन की ओर बढ़ रहे हैं। गुरुवार को दोपहर के समय मौसम ने थोड़ी करवट ली और आसमान में बादल छा गए, जिससे यात्रियों को कुछ राहत महसूस हुई। हालांकि कुछ समय बाद मौसम साफ हो गया और उमस भरी गर्मी फिर लौट आई, लेकिन श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी रही।

यात्रा मार्ग पर कई श्रद्धालु विश्राम स्थलों पर रुककर आराम करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शाम और रात के समय यात्रा करना अधिक सुविधाजनक मान रहे हैं। गर्मी के बावजूद यात्रा मार्ग पर उत्साह, भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। यात्रा मार्ग पर शीतल पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, स्वच्छता व्यवस्था, विश्राम स्थल और सुरक्षा सेवाएं लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिल रही है।

आंकड़ों के अनुसार इन दिनों प्रतिदिन 38 हजार से 43 हजार श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन कर रहे हैं। 3 जून को करीब 41 हजार श्रद्धालुओं ने यात्रा की थी, जबकि 4 जून को दोपहर 2 बजे तक ही लगभग 18 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। देर शाम तक यह संख्या और बढ़ने की संभावना जताई गई।

यात्रा से जुड़े अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव और स्कूलों की छुट्टियों के चलते श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि हो सकती है। वर्तमान परिस्थितियां यह दर्शाती हैं कि मौसम चाहे कितना भी कठिन क्यों न हो, मां वैष्णो देवी के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और समर्पण हर चुनौती से कहीं अधिक मजबूत है।

गर्मी के बीच भी श्रद्धा का यह प्रवाह लगातार बढ़ रहा है और माता वैष्णो देवी का पवित्र धाम भक्तों की आस्था का केंद्र बना हुआ है। जय माता दी।