विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रयागराज मंडल ने चलाया ई-कचरा जागरूकता एवं संग्रह अभियान

प्रयागराज। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने क्लाइमेट चेंज थीम के तहत ई-कचरा जागरूकता एवं संग्रह अभियान आयोजित किया। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य रेल कर्मचारियों और आम नागरिकों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित निस्तारण, पुनर्चक्रण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।

अभियान के दौरान प्रयागराज मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। कर्मचारियों और नागरिकों को पुराने मोबाइल फोन, चार्जर, बैटरी, कंप्यूटर उपकरण, तार, इलेक्ट्रॉनिक खिलौने तथा अन्य अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं को निर्धारित संग्रह केंद्रों पर जमा करने के लिए प्रेरित किया गया।

विशेषज्ञों ने बताया कि ई-कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण न होने पर यह मिट्टी, जल और वायु प्रदूषण का कारण बनता है, जिससे मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ते हैं। इसलिए इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित प्रबंधन और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में रीसाइक्लिंग तथा घरेलू जैविक कचरे से कम्पोस्ट तैयार करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। उपस्थित लोगों को जैविक और अजैविक कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने, प्लास्टिक एवं ई-कचरे के उचित प्रबंधन तथा पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही ऊर्जा संरक्षण, जल बचत, कपड़े के थैलों के उपयोग और एकल-उपयोग प्लास्टिक से दूरी बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।

अभियान के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ, हरित और प्रदूषणमुक्त पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।

यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाने के साथ-साथ समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।