विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत इज्जतनगर मंडल में जल एवं ऊर्जा संरक्षण पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम

बरेली। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार तथा मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत इज्जतनगर मंडल में जल एवं ऊर्जा संरक्षण विषय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य कर्मचारियों, यात्रियों और आमजन में पर्यावरण संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

अभियान के तहत कासगंज, लालकुआं, रामनगर और टनकपुर कोचिंग डिपो में स्थापित जल पुनर्चक्रण संयंत्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। इसके साथ ही सीबीगंज स्थित ऑटोमेटिक कोच वॉशिंग प्लांट में उपचारित जल के अधिकतम पुनः उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने जल संरक्षण और पुनर्चक्रण की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर उनके प्रभावी संचालन के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों, यात्रियों और अन्य हितधारकों को जल संरक्षण, ऊर्जा बचत तथा प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के महत्व से अवगत कराया गया। रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों और रेलवे कॉलोनियों में पोस्टर एवं बैनरों के माध्यम से जल संरक्षण, ऊर्जा दक्षता, पुनर्चक्रण, ई-कचरा प्रबंधन तथा सतत जीवनशैली का संदेश प्रसारित किया गया।

मिशन लाइफ (Lifestyle for Environment) के तहत पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

इस अवसर पर रेलवे के अधिकारियों, कर्मचारियों, हाउसकीपिंग स्टाफ एवं अन्य हितधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने कहा कि इज्जतनगर मंडल पर्यावरण संरक्षण, जल बचत और ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।