प्रयागराज मंडल में मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित, यात्री सुविधाओं पर हुई चर्चा

प्रयागराज। प्रयागराज मंडल कार्यालय के संकल्प सभागार में शुक्रवार को मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने की। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) धनंजय कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय) शिवम शर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) मो. जावेद अख्तर, उप मुख्य यातायात प्रबंधक कानपुर अकांशु गोविल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत में अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार ने सभी सदस्यों का प्लांटर भेंट कर स्वागत किया। बैठक का उद्देश्य रेलवे सेवाओं में सुधार, यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा रेल उपयोगकर्ताओं के सुझावों पर चर्चा करना रहा।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके सुझाव यात्रियों की समस्याओं के समाधान और जनहित के विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रयागराज मंडल सुरक्षित, संरक्षित और सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत कई प्रमुख स्टेशनों का विकास कार्य तेजी से चल रहा है, जबकि प्रयागराज जंक्शन और कानपुर सेंट्रल के पुनर्विकास कार्यों के माध्यम से यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से मंडल की उपलब्धियों और यात्री सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रयागराज मंडल द्वारा 17 यात्री आरक्षण केंद्र, 27 यूटीएस कम पीआरएस तथा 126 यूटीएस के माध्यम से 21 जनपदों में रेलवे सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मंडल में 10 स्टेशनों पर 29 जनसाधारण टिकट बुकिंग सेवक कार्यरत हैं।

उन्होंने बताया कि मंडल के 37 स्टेशनों पर 156 एटीवीएम मशीनें स्थापित हैं, जिन्हें संचालित करने के लिए 202 फेसिलिटेटर नियुक्त किए गए हैं। एटीवीएम पर क्यूआर कोड के माध्यम से कैशलेस ट्रांजेक्शन की सुविधा भी उपलब्ध है। प्रयागराज मंडल से प्रतिदिन लगभग दो लाख यात्रियों को सेवाएं प्रदान की जा रही हैं तथा मंडल की औसत दैनिक यात्री आय करीब 5.3 करोड़ रुपये है।

रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि मंडल के 115 वाणिज्यिक स्टेशनों पर वाई-फाई सुविधा तथा 75 स्टेशनों पर सुरक्षा के लिए 1659 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वहीं बड़े स्टेशनों और ट्रेनों में मशीनों के माध्यम से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

बैठक में समिति के सदस्यों ने विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव, समय परिवर्तन, फुट ओवर ब्रिज, रोड अंडर ब्रिज, ट्रेनों में साफ-सफाई, खानपान व्यवस्था, वरिष्ठ नागरिकों को रियायती टिकट तथा नई ट्रेनों के संचालन सहित कई विषयों पर सुझाव दिए।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने सदस्यों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान किया जाएगा। अधिकारियों ने रेलवे को जनसमस्याओं से अवगत कराने के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।