मुरादाबाद में आयोजित ग्राम चौपाल में विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं पर हुई समीक्षा

मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी द्वारा ग्राम पंचायत निनौड़ा, विकास खंड मुरादाबाद में आयोजित ग्राम चौपाल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), खंड विकास अधिकारी मुरादाबाद, ग्राम पंचायत अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए राशन वितरण, आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं, पेंशन योजनाओं, जल निकासी, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई।

सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी ने निर्देश दिए कि ग्रामीणों को समय से राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा वितरण के दौरान पारदर्शिता बनाए रखी जाए। ग्रामीणों द्वारा नए राशन कार्ड बनाए जाने की मांग पर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत में पुस्तकालय को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा गया। वहीं गांव की नालियों की नियमित साफ-सफाई कर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए गए।

चौपाल में बताया गया कि विभिन्न पेंशन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इस संबंध में अधिकारियों को विशेष कैंप लगाकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और उनकी फैमिली आईडी बनाने के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत वर्ष 2024 में पंजीकृत लाभार्थियों को आवास दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की ओर से चार शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिन पर संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा डिजिटल लाइब्रेरी एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।

जनगणना-2027 के अंतर्गत चल रहे प्रगणना कार्य की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई तथा सभी से सहयोग करने की अपील की गई।