भुज-दिल्ली नई एक्सप्रेस ट्रेन को यात्रियों का शानदार रिस्पॉन्स, 100% से अधिक ऑक्यूपेंसी दर्ज

जयपुर। हाल ही में शुरू की गई भुज-दिल्ली वाया जालोर, पाली मारवाड़ एक्सप्रेस ट्रेन को यात्रियों का जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है। ट्रेन के संचालन के शुरुआती दिनों में ही यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली है और लगातार 100 प्रतिशत से अधिक ऑक्यूपेंसी दर्ज की जा रही है।

गौरतलब है कि 22 मई को रेल मंत्री द्वारा इस नई रेल सेवा का शुभारंभ किया गया था। इसके बाद से ही यात्रियों में इस ट्रेन को लेकर उत्साह बना हुआ है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गाड़ी संख्या 19403 भुज-दिल्ली एक्सप्रेस में 24 मई से 27 मई 2026 तक लगातार 100 प्रतिशत से अधिक ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। वहीं वापसी दिशा में संचालित गाड़ी संख्या 19404 दिल्ली-भुज एक्सप्रेस में भी यात्रियों की भारी मांग रही और इसमें भी 100 प्रतिशत से अधिक ऑक्यूपेंसी रिकॉर्ड की गई।

रेलवे का कहना है कि महज चार दिनों में ही इस रेलसेवा की ऑक्यूपेंसी का 100 प्रतिशत से ऊपर पहुंचना इसकी लोकप्रियता और आवश्यकता को दर्शाता है।

यह नई रेलसेवा गुजरात, राजस्थान और दिल्ली के बीच बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के साथ यात्रियों को सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा अनुभव भी दे रही है। खास बात यह है कि इस ट्रेन के माध्यम से जालोर का पहली बार जयपुर और दिल्ली से सीधा रेल संपर्क स्थापित हुआ है, जिससे जालोर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा।