यात्रियों को बड़ी सौगात, जयपुर-बान्द्रा टर्मिनस के बीच चलेगी साप्ताहिक सुपरफास्ट नॉन स्टॉप प्रीमियम ट्रेन

जयपुर। अतिरिक्त यात्री यातायात और ग्रीष्मकालीन भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए जयपुर-बान्द्रा टर्मिनस-जयपुर साप्ताहिक सुपरफास्ट नॉन स्टॉप प्रीमियम रेलसेवा का संचालन करने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन वाया मदार-आदर्शनगर बाईपास संचालित की जाएगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09707 जयपुर-बान्द्रा टर्मिनस साप्ताहिक सुपरफास्ट नॉन स्टॉप प्रीमियम रेलसेवा 3 जून 2026 से 24 जून 2026 तक कुल 4 ट्रिप संचालित की जाएगी। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को जयपुर से शाम 7:40 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2:15 बजे बान्द्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 09708 बान्द्रा टर्मिनस-जयपुर साप्ताहिक सुपरफास्ट नॉन स्टॉप प्रीमियम रेलसेवा 4 जून 2026 से 25 जून 2026 तक कुल 4 ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को बान्द्रा टर्मिनस से दोपहर 3:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:45 बजे जयपुर पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार यह रेलसेवा पूरी तरह नॉन स्टॉप रहेगी तथा मार्ग में केवल परिचालनिक कारणों से चित्तौड़गढ़, रतलाम एवं सूरत स्टेशनों पर ठहराव किया जाएगा।

इस प्रीमियम रेलसेवा में कुल 19 डिब्बे लगाए जाएंगे, जिनमें 1 फर्स्ट कम सेकण्ड एसी, 2 सेकण्ड एसी, 8 थर्ड एसी, 1 थर्ड एसी इकोनॉमी, 4 द्वितीय शयनयान, 1 पेन्ट्रीकार तथा 2 पावरकार शामिल होंगे।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि इस विशेष सुपरफास्ट रेलसेवा से राजस्थान और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।