काठगोदाम स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

काठगोदाम स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत इज्जतनगर मंडल द्वारा काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक प्रदूषण नियंत्रण विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन एवं नव ज्योति नृत्य नाट्य संस्था के सहयोग से संपन्न हुआ।कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों, स्थानीय नागरिकों एवं स्कूली बच्चों को एकल उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुति देकर लोगों को कपड़े एवं जूट के थैलों के उपयोग तथा प्लास्टिक अपशिष्ट के उचित निस्तारण के लिए प्रेरित किया।अभियान के तहत रेलवे परिसरों में पक्षियों के लिए मिट्टी के जलपात्र भी स्थापित किए गए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में रेलवे कर्मचारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।इज्जतनगर मंडल प्रशासन ने बताया कि पर्यावरण जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छ वातावरण के प्रति प्रेरित किया जा सके।