जम्मू सीनियर डीसीएम उचित सिंघल बोले — अब वेटिंग नहीं, माता रानी के दरबार तक मिलेगी आराम की सवारी!

गर्मियों में रेलवे का बड़ा तोहफा : अब वैष्णो देवी यात्रा होगी और भी आरामदायक

यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए नई दिल्ली?कटरा स्पेशल ट्रेन में बढ़ाए गए अतिरिक्त स्लीपर कोच, सैकड़ों यात्रियों को मिलेगा कंफर्म सीट का लाभ

जम्मू। ग्रीष्मकालीन छुट्टियों, धार्मिक यात्राओं और त्योहारों के बढ़ते उत्साह के बीच भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए शानदार पहल की है। यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग और भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने नई दिल्ली?श्री माता वैष्णो देवी कटरा विशेष रेलगाड़ियों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ने का निर्णय लिया है।

रेलवे के इस फैसले से अब सैकड़ों यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में आसानी होगी और सफर पहले से अधिक आरामदायक बन सकेगा। जम्मू मंडल की यह पहल यात्रियों के प्रति उसकी संवेदनशीलता और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इन ट्रेनों में बढ़ाए गए अतिरिक्त कोच

ट्रेन संख्या 04081 (नई दिल्ली श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल)

यह विशेष रेलगाड़ी प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को नई दिल्ली से प्रस्थान करती है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसमें 22 मई 2026 से 27 मई 2026 तक एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ा गया है।

ट्रेन संख्या 04082 (श्री माता वैष्णो देवी कटरा नई दिल्ली स्पेशल)

यह वापसी गाड़ी प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को कटरा से नई दिल्ली के लिए रवाना होती है। इसमें 23 मई 2026 से 28 मई 2026 तक एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया गया है।

अब और आसान होगी माता के दरबार की यात्रा

अतिरिक्त कोच जुड़ने के बाद ट्रेन की कुल क्षमता बढ़कर 22 कोच हो जाएगी। इससे रोजाना बड़ी संख्या में यात्रियों को राहत मिलेगी और वेटिंग टिकट वाले यात्रियों के कंफर्म टिकट मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि रेलवे यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली?जम्मू तवी राजधानी एक्सप्रेस तथा जम्मू तवी?सीलदाह एक्सप्रेस जैसी प्रतिष्ठित ट्रेनों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर उनमें भी अतिरिक्त कोच लगाए जाते हैं।

उन्होंने कहा,

हमारा प्रयास है कि जम्मू आने-जाने वाले किसी भी यात्री को यात्रा में असुविधा का सामना न करना पड़े। रेलवे लगातार यात्रियों को बेहतर सुविधा, सुरक्षित सफर और आरामदायक यात्रा अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध है।

रेलवे की इस पहल से श्रद्धालुओं और यात्रियों में खुशी का माहौल है। गर्मियों की भीड़ के बीच यह फैसला यात्रियों के लिए किसी राहत भरे उपहार से कम नहीं माना जा रहा।