जालोर से दिल्ली के लिए उद्घाटन स्पेशल ट्रेन का समय बदला, जयपुर होकर जाएगी राजधानी

रेलवे प्रशासन ने जालोर-दिल्ली एक तरफा उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा के संचालन समय में संशोधन किया है। अब यह विशेष ट्रेन 22 मई 2026 को नए निर्धारित समय के अनुसार संचालित होगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने जानकारी देते हुए बताया कि गाड़ी संख्या 04875 जालोर-दिल्ली उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा 22 मई को जालोर स्टेशन से शाम 4:00 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन जयपुर स्टेशन पर रात 1:30 बजे पहुंचेगी तथा 1:40 बजे प्रस्थान कर सुबह 7:15 बजे दिल्ली पहुंचेगी।यह स्पेशल ट्रेन मार्ग में मोकलसर, समदड़ी, लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी।रेलवे अधिकारियों के अनुसार उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 18 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें 1 सेकेंड एसी, 3 थर्ड एसी, 8 स्लीपर कोच, 4 सामान्य श्रेणी, 1 गार्ड कोच और 1 पावरकार शामिल होंगे।रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस विशेष रेलसेवा से राजस्थान और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।