मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग का जागरूकता अभियान, झोपड़पट्टियों में 140 लोगों को आग से बचाव की दी गई जानकारी

मुरादाबाद। अपर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवाएं लखनऊ के आदेशानुसार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देशानुसार जनपद मुरादाबाद में स्कीम नम्बर-15 के तहत 10 मई 2026 से 20 मई 2026 तक दुर्बल/निम्न आय वर्ग एवं स्लम (झोपड़पट्टी) क्षेत्रों में आग से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 20 मई 2026 को मुख्य अग्निशमन अधिकारी जनपद मुरादाबाद के निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन केन्द्र हैलट रोड, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ एवं बिलारी द्वारा अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत आने वाली झोपड़पट्टियों और निम्न आय वर्ग की बस्तियों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने लोगों को लकड़ी के चूल्हे से लगने वाली आग, कुकिंग गैस सिलेंडर तथा छोटे गैस सिलेंडरों से होने वाली दुर्घटनाओं के संभावित कारणों की जानकारी दी और उनसे बचाव के उपाय विस्तार से बताए। फायर सर्विस कर्मियों ने बताया कि झोपड़पट्टियों में अधिकतर घटनाएं चूल्हे से निकलने वाली चिंगारी, लूज वायरिंग, सिलेंडर के पुराने या कटे-फटे पाइप, रेगुलेटर में लीकेज और असावधानी के कारण होती हैं, जिससे बड़ी आगजनी की घटनाएं हो जाती हैं। ऐसे में समय रहते सतर्कता बरतना और सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के अंतर्गत जनपद मुरादाबाद के कुल 9 स्थानों पर फायर सर्विस स्टाफ द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 140 लोगों को आग से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। टीम द्वारा लोगों को गैस सिलेंडर की नियमित जांच करने, खाना बनाते समय विशेष सावधानी बरतने, बिजली के खुले तारों को तुरंत ठीक कराने तथा आग लगने की स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना देने के बारे में भी समझाया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता अभियानों का उद्देश्य झोपड़पट्टियों में रहने वाले लोगों को सतर्क करना और आगजनी की घटनाओं को रोकना है, ताकि जनपद में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।