शराब के बहाने दोस्ती पैसों के लालच में ली थी जान फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

बरेली: यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में हुए आदेश मिश्रा हत्याकांड का फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह मामला पैसों के लालच से जुड़ा था। यहां आरोपियों ने पहले युवक के साथ शराब पी और बाद में उसकी जान लेकर रुपये और पर्स लेकर फरार हो गए। घटना के खुलासे के बाद इलाके में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।शादी में गए थे आदेश मिश्रा, फिर अचानक लापता पुलिस के अनुसार भोजीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़िया चेतराम निवासी आकाश मिश्रा ने 17 मई 2026 को लिखित तहरीर देकर बताया कि उनके पिता आदेश मिश्रा 14 मई को अपने साथ काम करने वाले व्यक्ति की बहन की शादी में फतेहगंज पश्चिमी स्थित चिराग पैलेस गए थे, लेकिन शादी से लौटने के बाद घर नहीं पहुंचे परिवार के लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 15 मई को फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के ग्राम मढ़ौली के पास नहर किनारे खड़ंजे पर उनका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।जांच के दौरान पुलिस को मिले अहम सुराग इस मामले की जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद सोनू कश्यप और शहंशाह के नाम सामने आए।पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए दोनों को संदिग्ध मानकर तलाश शुरू की। एसएसपी अनुराग के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए बड़ फैक्ट्री कॉलोनी के खंडहर पड़े मकानों के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताई पूरी कहानी पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन उनकी मुलाकात आदेश मिश्रा से हुई थी। उस समय आदेश मिश्रा नशे की हालत में थे और उनके माथे पर चोट भी लगी हुई थी। बातचीत के दौरान तीनों साथ हो गए और गांव की तरफ चले गए, जहां पहले उनकी पट्टी कराई गई। इसके बाद तीनों मढ़ौली पहुंचे और नहर किनारे बैठकर शराब पीने लगे। इसी दौरान आरोपियों की नजर आदेश मिश्रा के पर्स में रखे पैसों पर पड़ गई, जिसके बाद दोनों के मन में लालच आ गया।पैसों के लिए रची साजिश और वारदात को दिया अंजाम पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पैसों के लालच में आदेश मिश्रा को ज्यादा शराब पिलाई और जब वह अत्यधिक नशे की हालत में पहुंच गए तो दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी मृतक का पर्स और उसमें रखे रुपये लेकर जंगल के रास्ते वहां से निकल गए और वाहन पकड़कर मीरगंज पहुंच गए। आरोपियों के अनुसार, रुपये बांटने के दौरान सोनू के हिस्से में 1700 रुपये और शहंशाह के हिस्से में 1800 रुपये आए थे, जबकि पर्स में मृतक के जरूरी दस्तावेज भी मौजूद थे। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की आगे जांच जारी है।