ग्रीष्मावकाश में यात्रियों को बड़ी राहत, भावनगर टर्मिनस-शकूरबस्ती के बीच चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन

जयपुर। ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने एक सराहनीय कदम उठाया है। यात्रियों की सुविधा के लिए भावनगर टर्मिनस-शकूरबस्ती-भावनगर टर्मिनस के बीच साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा का संचालन किया जा रहा है, जिससे गुजरात, राजस्थान और दिल्ली क्षेत्र के यात्रियों को सीधी और सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी।उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने जानकारी देते हुए बताया कि गाड़ी संख्या 09257 भावनगर टर्मिनस-शकूरबस्ती साप्ताहिक स्पेशल का संचालन 29 मई 2026 से 26 जून 2026 तक (कुल 05 ट्रिप) किया जाएगा। यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को भावनगर टर्मिनस से 14:20 बजे रवाना होकर अगले दिन 10:55 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी।वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 09258 शकूरबस्ती-भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल का संचालन 30 मई 2026 से 27 जून 2026 तक (कुल 05 ट्रिप) किया जाएगा। यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार को शकूरबस्ती से 13:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 08:50 बजे भावनगर टर्मिनस पहुंचेगी।रेलवे के अनुसार यह विशेष ट्रेन मार्ग में भावनगर परा, सिहोर गुजरात, धोला, बोटाड, धंधुका, धोलका, सरखेज, गांधीग्राम, चांडखेडा रोड, महेसाना, पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, नीमकाथाना, नारनौल, रेवाड़ी, गुड़गांव, दिल्ली कैंट सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 22 डिब्बे लगाए गए हैं, जिनमें 02 सेकंड एसी, 04 थर्ड एसी, 03 थर्ड एसी इकोनॉमी, 07 स्लीपर, 04 सामान्य श्रेणी, 01 पावरकार और 01 गार्ड डिब्बा शामिल है।रेलवे के इस फैसले से गर्मी की छुट्टियों में यात्रा करने वाले यात्रियों को न केवल भीड़ से राहत मिलेगी, बल्कि उन्हें सुविधाजनक और सुरक्षित सफर का लाभ भी मिलेगा।