राजधानी एक्सप्रेस में आग की सूचना, रेलवे की तत्परता से टला बड़ा हादसा

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल अंतर्गत गाड़ी संख्या 12431 थिरुवनंतपुरम?हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में रविवार तड़के आग लगने की सूचना मिली। यह घटना लूनी रिछा (LNR) और विक्रमगढ़ आलोट (VMA) के बीच डाउन दिशा में सुबह 05:15 बजे हुई।

रेलवे की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल प्रभावित कोच के सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया। इस घटना में किसी भी यात्री या रेलवे कर्मचारी के घायल होने अथवा किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

सूचना मिलते ही रेलवे द्वारा ओएचई सप्लाई तुरंत बंद कर दी गई और सुरक्षा के दृष्टिगत बी-1 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। मौके पर रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई में जुट गए और स्थिति को शीघ्र नियंत्रित कर लिया गया।

यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए प्रभावित कोच के यात्रियों को मौके पर ही रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया गया। साथ ही यात्रियों की आगे की यात्रा को सुचारू बनाए रखने के लिए कोटा स्टेशन पर एक अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा।

रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुए। इसके बाद ट्रेन को डीजल इंजन के साथ सुबह 09:48 बजे आगे के लिए रवाना कर दिया गया।

हर्षित श्रीवास्तव, सीपीआरओ, पश्चिम मध्य रेलवे ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।