अहमदाबाद–धोलेरा के बीच बनेगा 134 किमी लंबा ब्रॉड गेज सेमी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर

अहमदाबाद?धोलेरा के बीच बनेगा 134 किमी लंबा ब्रॉड गेज सेमी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर

साबरमती, गांधीग्राम व वस्त्रापुर स्टेशन मेट्रो नेटवर्क से होंगे कनेक्ट

वस्त्रापुर स्टेशन का विधायक अमित ठाकर व डीआरएम वेद प्रकाश ने किया दौरा

अहमदाबाद। गुजरात को देश का पहला ब्रॉड गेज सेमी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर मिलने जा रहा है। अहमदाबाद (सरखेज) से धोलेरा के बीच लगभग 134 किलोमीटर लंबी दोहरी ब्रॉड गेज सेमी हाई-स्पीड रेल लाइन का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से अहमदाबाद, धोलेरा स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन (SIR), प्रस्तावित धोलेरा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा तथा लोथल स्थित राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (National Maritime Heritage Complex) को अत्याधुनिक रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

परियोजना की डिज़ाइन गति 220 किमी प्रति घंटा तथा परिचालन गति 200 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है। इसके पूरा होने के बाद अहमदाबाद से धोलेरा की यात्रा मात्र 45 मिनट में पूरी की जा सकेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना के तहत साबरमती, गांधीग्राम एवं वस्त्रापुर स्टेशनों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा साबरमती स्टेशन पर बुलेट ट्रेन कनेक्टिविटी और मोरैया स्टेशन पर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) से जुड़ाव सुनिश्चित किया जाएगा। इससे गुजरात एक विश्वस्तरीय मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित होगा।

इसी क्रम में वेजलपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमित ठाकर ने वस्त्रापुर स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

विधायक अमित ठाकर ने कहा कि बड़े विकास कार्यों से जुड़े क्षेत्रों में भविष्य की नई संभावनाएं खुलती हैं। उन्होंने बताया कि धोलेरा में विकसित हो रहे विशाल औद्योगिक एवं आर्थिक क्षेत्र को अहमदाबाद के सरखेज क्षेत्र से जोड़ने वाली यह परियोजना गुजरात के विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री एवं क्षेत्र के सांसद श्री अमित शाह तथा रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ₹20,667 करोड़ की इस परियोजना से वेजलपुर क्षेत्र व अहमदाबाद शहर में निवेश और रोजगार की नई संभावनाएं बढ़ेंगी।

डीआरएम वेद प्रकाश ने कहा कि इस रेल परियोजना से धोलेरा, भावनगर क्षेत्र और अहमदाबाद के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे रोजगार, आवासीय तथा वाणिज्यिक गतिविधियों को अभूतपूर्व गति मिलेगी। साथ ही भावनगर क्षेत्र में विकसित हो रहे बंदरगाह एवं औद्योगिक विकास से युवाओं को नए रोजगार अवसर प्राप्त होंगे।

बताया गया कि यह परियोजना प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अनुरूप तैयार की जा रही है, जिसका उद्देश्य मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी को मजबूत कर भारत की लॉजिस्टिक क्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।