लल्ला गद्दी बनकर अधिवक्ता के बेटे की हत्या करने की दी थी धमकी, दो गिरफ्तार

बरेली। प्रेमिका की शादी के बाद उसे वापस पाने के जुनून ने वैभव सिंह को अपराधी बना दिया। उसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर पहले प्रेमिका के पति को धमकाया फिर उसके ससुर को फोन कर दो लाख फिरौती मांगी। नहीं देने पर आरोपितों ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। यह धमकी आरोपितों ने माफिया अशरफ के साले सद्दाम के करीबी लल्ला गद्दी के नाम से दी थी। पुलिस ने वैभव व उसके एक और साथी आकाश को गिरफ्तार कर लिया है। उनका तीसरा साथी अकरम मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है। ग्राम चौबारी निवासी अधिवक्ता चन्द्रभान सिंह ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि सात मई को उनके पास एक फोन कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को लल्ला गद्दी बताते हुए उनके बेटे अर्पित सिंह की हत्या कराने की धमकी दी और दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान तीन नाम सामने आए जिनमें पुलिस ने चौबारी मोड़ से वैभव सिंह और आकाश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि वैभव की गांव की एक युवती से जान-पहचान थी, जिसकी शादी बाद में अर्पित सिंह से हो गई थी। इसी बात को लेकर उसने रंजिश पाल ली और साथियों के साथ मिलकर साजिश रची। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने फर्जी सिम का इस्तेमाल कर कॉल की और लल्ला गद्दी का नाम लेकर परिवार में दहशत फैलाने की कोशिश की। सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि वकील को धमकाने के मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इनका एक साथी अकरम फरार है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।