21 साल से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार, बोडा पुलिस को बड़ी सफलता

राजगढ़। जिले में फरार आरोपियों, स्थाई वारंटियों एवं गंभीर अपराधों में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बोडा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 21 वर्षों से फरार चल रही एक स्थाई वारंटी महिला को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी नरसिंहगढ़ मिनी शुक्ला के नेतृत्व में थाना बोडा पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट नरसिंहगढ़ के प्रकरण क्रमांक 123/2005 धारा 302, 34 भादवि में आरोपीया नूरी बाई पति विनोद सासी निवासी कड़िया सासी के विरुद्ध स्थाई वारंट जारी था। आरोपीया पिछले करीब 21 वर्षों से फरार चल रही थी तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी।थाना प्रभारी बोडा द्वारा विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान 12 मई 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि वारंटी ग्राम कड़िया सासी में छिपी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और आरोपीया को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार वारंटी को न्यायालय में पेश किया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि. देवेन्द्र राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक समीर खान, प्रधान आरक्षक धन सिंह अहिरवार, आरक्षक कपिल अटारिया, दुष्यंत जाट, विनोद अहिरवार, मनजीत जाट एवं सोमन सिंह की सराहनीय भूमिका रही।