क्षत्रिय महासभा द्वारा 22 मई को निकाली जाएगी महाराणा प्रताप की शोभायात्रा

वृंदावन । क्षत्रिय महासभा द्वारा महाराणा प्रताप की भव्य शोभायात्रा वृंदावन में निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा ठाकुर अंतर्यामी मंदिर से प्रारंभ होकर दुसायत मोहल्ला, स्नेह बिहारी मंदिर, अठखम्मा, बनखंडी, लोई बाजार, प्रताप बाजार के साथ नगर विभिन्न मार्गों से भ्रमण करती हुई गोविंद घेरा पर संपन्न होगी। जिसकी जानकारी वृंदावन क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता का आयोजन कर दी। वृंदावन क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष धर्मेंद्र पाल सिंह ने बताया कि इस बार महाराणा प्रताप जी की शोभायात्रा में प्रस्तुत की जा रही सर्व समाज की विविध झांकियां हमारे सनातन धर्म की एकता, समरसता और सांस्कृतिक गौरव का सशक्त प्रतीक होंगी। वृंदावन क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारी जितेंद्र सिंह राणा ने कहा कि समाज का प्रत्येक वर्ग, प्रत्येक परंपरा और प्रत्येक महापुरुष हमारे सांझे इतिहास और संस्कृति के अभिन्न अंग हैं। जब हम सब मिलकर इन महान आदर्शों को स्मरण करते हैं, तो समाज में आपसी भाईचारा, सहयोग और सम्मान की भावना और अधिक मजबूत होती है।
ठाकुर राधा किशन सिंह ने याद दिलाया कि महाराणा प्रताप जैसे वीर योद्धाओं ने केवल युद्ध ही नहीं लड़े, बल्कि न्याय, स्वाभिमान और संस्कृति की रक्षा का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर वृंदावन क्षत्रिय महासभा के बीरेंद्र सिंह सिसौदिया द्वारा द्वारा महाराणा प्रताप के जीवन परिचय एवं उनके अद्वितीय संघर्ष, त्याग और स्वाभिमान पर प्रकाश डाला जो आज भी राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा देते हैं। वृंदावन क्षत्रिय महासभा कोर कमेटी ने समस्त नगरवासियों एवं समाज के सभी वर्गों से इस शोभायात्रा में सहभागिता कर इसे भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।इसमें वृंदावन क्षत्रिय महासभा के ठा.राधामण सिंह, ठा.धर्म सिंह,ठा. लेखराज सिंह, ठा. पंकज मोरवाल, विवेक मोरवाल,ज्ञानी ठाकुर, विजय सिंह दूध वाले,ठा. नवीन सिंह ठा.जतिन सिसौदिया आदि मौजूद रहे।