जनपद पंचायत खिलचीपुर और जीरापुर का औचक निरीक्षण, 5 कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश

राजगढ़। जिला पंचायत राजगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले ने शुक्रवार को जनपद पंचायत खिलचीपुर एवं जनपद पंचायत जीरापुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयीन व्यवस्था, कर्मचारियों की उपस्थिति एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।खिलचीपुर जनपद पंचायत निरीक्षण के दौरान 5 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इनमें सहायक लेखाधिकारी सलीम मोहम्मद, ब्लॉक समन्वयक एसबीएम रामस्वरूप जुझारिया, ब्लॉक समन्वयक आरजीएम सीमा गुर्जर, डाटा एंट्री ऑपरेटर पवित्रा दांगी एवं लेखापाल एस.के. जाटव शामिल हैं। इस पर सीईओ डॉ. गढ़पाले ने नाराजगी जताते हुए सभी का एक-एक दिन का वेतन काटने एवं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान संबल पंजीयन कार्यों की समीक्षा में कई आवेदन आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में लंबित पाए गए। ग्राम पंचायत स्तर से आवेदन ऑनलाइन किए जाने के बाद समय पर दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर ग्राम पंचायत चांदपुरा के सचिव राधेश्याम दांगी एवं ग्राम पंचायत बाजरौन के सचिव कृष्णपाल सिंह खींची को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।इस दौरान ग्राम मोयाखेड़ा निवासी पेंशन हितग्राही गोपाल पिता घीसालाल की समस्या का तत्काल निराकरण करते हुए पेंशन पोर्टल पर बैंक खाते में संशोधन कराया गया। वहीं ग्राम पंचायत बरखेड़ा निवासी महेश शर्मा के समग्र पोर्टल पर माता-पिता के नाम संशोधन के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।इसके बाद सीईओ डॉ. गढ़पाले ने जनपद पंचायत जीरापुर का निरीक्षण किया। यहां उपयंत्री राजकुमार खींची के फील्ड निरीक्षण पर नहीं जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की योजनाओं का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।