सहारनपुर इलेक्ट्रिक लोको शेड में ऐतिहासिक उपलब्धि, 150वें लोको की कमीशनिंग व 100वें ‘कवच’ युक्त लोको को डीआरएम ने दिखाई हरी झंडी

अंबाला मंडल के अंतर्गत इलेक्ट्रिक लोको शेड (ELS), सहारनपुर ने आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। शेड में 150वें इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव की सफल कमीशनिंग के साथ-साथ 100वें कवच-सुसज्जित लोकोमोटिव को तैयार कर परिचालन हेतु रवाना किया गया। इस अवसर पर अंबाला मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री विनोद भाटिया ने शेड परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लोकोमोटिव को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, ईएलएस सहारनपुर के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। रेलवे अधिकारियों ने इसे भारतीय रेल के आधुनिकीकरण, सुरक्षा सुदृढ़ीकरण और परिचालन उत्कृष्टता की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

अपने संबोधन में डीआरएम विनोद भाटिया ने इलेक्ट्रिक लोको शेड, सहारनपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ?कवच? जैसी अत्याधुनिक स्वदेशी सुरक्षा तकनीक भारतीय रेल की सुरक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने बताया कि 150वें लोकोमोटिव की कमीशनिंग शेड की तकनीकी दक्षता, कार्यकुशलता और उच्च स्तर की क्षमता को दर्शाती है। वहीं 100वें लोकोमोटिव में कवच प्रणाली की फिटमेंट, भारतीय रेल में उन्नत सुरक्षा तकनीक के तेजी से विस्तार के लिए अंबाला मंडल के सक्रिय योगदान को प्रमाणित करती है।

समारोह के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य हासिल करने के लिए कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का समापन रेलवे संचालन में सुरक्षा, विश्वसनीयता और उच्च प्रदर्शन मानकों को बनाए रखने तथा नई तकनीकों को अपनाने के संकल्प के साथ किया गया।

यह उपलब्धि न केवल सहारनपुर इलेक्ट्रिक लोको शेड के लिए गर्व का विषय है, बल्कि भारतीय रेल के सुरक्षित एवं आधुनिक भविष्य की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।

यशनजीत सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल