हरदोई में कब्रिस्तान पर अवैध कब्जे पर कार्रवाई, नगर पालिका ने बुलडोजर चलाकर गिराईं दुकानें, पुलिस से हो चुकी है शिकायत

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के बिलग्राम चुंगी स्थित कब्रिस्तान परिसर में अवैध रूप से बनी दुकानों पर नगर पालिका ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। अभियान के दौरान जेसीबी मशीन से टीनशेड सहित करीब पांच अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। हटाए गए ढांचों को नगर पालिका की टीम ने अपने वाहनों में भरकर कब्जे में ले लिया।
बताया गया कि इन दुकानों के निर्माण को लेकर पहले से शिकायतें मिल रही थी। जांच में पाया गया कि बिना किसी वैध अनुमति के कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध कब्जा कर दुकानें बनाई गई थी। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन ने संबंधित लोगों के खिलाफ शहर कोतवाली पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी और अब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
नगर पालिका के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ईओ रामेंद्र सिंह ने कहा कि कब्रिस्तान जैसी संवेदनशील जगह पर कब्जा करना गंभीर मामला है और भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण प्रभारी अमित सिंह, वरिष्ठ लिपिक नीरज अवस्थी, शहर कोतवाल संजय त्यागी और नायब तहसीलदार सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष देखा गया और उन्होंने प्रशासन की पहल का स्वागत किया। नगर पालिका ने लोगों से अपील की है कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण न करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।