महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने किया दादरी-टूंडला रेलखंड का निरीक्षण, विकास कार्यों की प्रगति परखी

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बुधवार को दादरी-टूंडला रेलखंड का निरीक्षण कर स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों एवं यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल, सचिव महाप्रबंधक अखिल शुक्ला, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक डॉ. शिवम शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अभिलय कुमार, उप मुख्य परियोजना प्रबंधक गति शक्ति यूनिट दीपक भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण की शुरुआत दादरी रेलवे स्टेशन से हुई, जहां महाप्रबंधक ने विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त रेल लाइनों के निर्माण, अधिक ट्रेनों के संचालन तथा मेंटेनेंस सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।

इसके बाद महाप्रबंधक ने खुर्जा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया, जहां स्टेशन का विकास अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि प्लेटफॉर्म का अधिकतम हिस्सा यात्रियों की सुविधा हेतु खुला और व्यवस्थित रखा जाए तथा अन्य संरचनाओं को प्लेटफॉर्म के पीछे विकसित किया जाए। उन्होंने सभी कार्यों को स्वीकृत मानकों के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के अगले चरण में महाप्रबंधक ने अलीगढ़ रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति देखी और भविष्य में बढ़ती यात्री एवं परिचालन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन विस्तार की संभावनाओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने निर्देशित किया कि भविष्य की जरूरतों के अनुरूप स्टेशन विस्तार की व्यापक एवं सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे यात्री सुविधाओं में सुधार और परिचालन क्षमता में वृद्धि सुनिश्चित हो सके।

गर्मी के मौसम को देखते हुए महाप्रबंधक ने स्टेशनों पर वाटर कूलर एवं वाटर वेंडिंग मशीनों की स्थिति का भी निरीक्षण किया और यात्रियों को पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने अलीगढ़ स्टेशन पर यात्रियों को निःशुल्क शीतल जल उपलब्ध कराने वाली स्वयंसेवी संस्था मानव उपकार संस्थान के सदस्यों से मुलाकात कर उनके सेवा कार्य की सराहना की। वहीं हाथरस रेलवे स्टेशन पर उन्होंने मंदबुद्धि एवं दिव्यांग सशक्तिकरण संस्थान के सदस्यों से भेंट कर उनके सामाजिक योगदान की प्रशंसा की।

रेल प्रशासन ने बताया कि इस निरीक्षण का उद्देश्य यात्री सुविधाओं में सुधार, आधारभूत संरचना के विकास और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप रेल परिचालन क्षमता को मजबूत करना है।