जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस: यात्रियों में बढ़ा भरोसा, ऑक्यूपेंसी 96% तक पहुंची

जम्मू। जम्मू और श्रीनगर के बीच 02 मई से शुरू हुई वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रियों के लिए तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का नया विकल्प बनकर उभरी है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह सेमी-हाई स्पीड ट्रेन अपने शुरुआती दिनों में ही यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है।

इस ट्रेन में लगातार यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 4 मई को वंदे भारत एक्सप्रेस की ऑक्यूपेंसी 82 प्रतिशत रही, जिसमें दो पेयर ट्रेनों में लगभग 4680 यात्रियों ने यात्रा की। वहीं, अगले ही दिन 5 मई को ऑक्यूपेंसी बढ़कर 96 प्रतिशत तक पहुंच गई। मंगलवार को ट्रेन संख्या 26404 व 26403 के एक पेयर संचालन के दौरान करीब 2744 यात्रियों ने सफर किया।

रेलवे के अनुसार, 02 मई से 05 मई तक चार दिनों के संचालन में कुल 16,349 यात्रियों ने वंदे भारत ट्रेन से यात्रा की, जबकि इन चार दिनों में ट्रेन की औसत ऑक्यूपेंसी लगभग 82 प्रतिशत रही।

यह आंकड़े दर्शाते हैं कि जम्मू-कश्मीर आने वाले पर्यटक और तीर्थयात्री अब पारंपरिक ट्रेनों की बजाय वंदे भारत की आधुनिक सेवाओं को प्राथमिकता दे रहे हैं।

यात्रियों ने सुविधाओं की जमकर की सराहना

यात्रियों ने सफर के दौरान ट्रेन की अत्याधुनिक सुविधाओं को सराहा। फीडबैक में कई यात्रियों ने कहा कि घुमावदार पहाड़ी मार्ग पर भी यात्रा बेहद सुचारू और झटके-मुक्त रही।

इसके अलावा यात्रियों ने ट्रेन में परोसे जा रहे शुद्ध और पौष्टिक भोजन को भी गुणवत्तापूर्ण बताया। यात्रियों का कहना है कि जम्मू मंडल के अधिकारी नियमित निरीक्षण कर रहे हैं, जिससे ट्रेन में उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता बनी हुई है।

अधिकारी बोले?यह आधुनिक परिवर्तन का प्रतीक

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि जम्मू-कटरा मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन भारतीय रेलवे के आधुनिक परिवर्तन का प्रतीक है। उन्होंने कहा,

"महज दो दिनों में ऑक्यूपेंसी का 82% से 96% तक पहुंचना हमारे लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यात्री इसे यात्रा के सबसे भरोसेमंद विकल्प के रूप में देख रहे हैं। हम यात्रियों के फीडबैक का लगातार विश्लेषण कर रहे हैं ताकि यात्रा को और बेहतर बनाया जा सके। आने वाले समय में पर्यटन सीजन बढ़ने के साथ ट्रेन के शत-प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ चलने की उम्मीद है।"

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यह ट्रेन जम्मू-कश्मीर में पर्यटन और यात्रा सुविधाओं को नई गति देगी और यात्रियों के लिए यात्रा को अधिक आरामदायक व यादगार बनाएगी।

राघवेंद्र सिंह, जनसंपर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल