मुरादाबाद में छात्राओं के लिए कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम, 250 से अधिक छात्राओं ने लिया भाग

मुरादाबाद में छात्राओं के लिए कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम, 250 से अधिक छात्राओं ने लिया भाग

मुरादाबाद। मुरादाबाद के पंचायत भवन सभागार में नवगुरूकुल फाउंडेशन फॉर सोशल वेलफेयर द्वारा कक्षा 12 उत्तीर्ण छात्राओं के लिए कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 250 से अधिक राजकीय विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी रहीं। उन्होंने छात्राओं को मानसिक, भौतिक, आर्थिक एवं आध्यात्मिक शक्ति और आत्मनिर्भर बनने के विषय में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही छात्राओं को लक्ष्य निर्धारण कर भविष्य को उज्जवल बनाने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में सह-जिला विद्यालय निरीक्षक शतानन्द शर्मा एवं वित्त एवं लेखाधिकारी माध्यमिक राकेश चन्द्र मोर्या भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बबिता महारोत्रा (नोडल कैरियर गाइडेंस) द्वारा किया गया।

संस्था की ओर से राम व किरण ने छात्राओं को विभिन्न कोर्सों की जानकारी दी, जिनमें फाइनेंस, वेब डेवलपमेंट तथा मुख्य कोर्स बीसीए शामिल रहे। संस्था ने बताया कि विभिन्न एनजीओ की सहायता से छात्राओं को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाती है, जिससे छात्राएं निःशुल्क अथवा न्यूनतम शुल्क पर इन कोर्सों में प्रवेश लेकर अपने करियर को नई दिशा दे सकती हैं।

बताया गया कि संस्था द्वारा तीन चरणों में टेस्ट लेकर छात्राओं का चयन किया गया है। चयनित छात्राएं पुणे और बेंगलूर के प्रतिष्ठित संस्थानों में निःशुल्क कोर्स कर सकेंगी।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में डॉ. मनीषा जैन द्वारा किशोरियों के लिए माहवारी से संबंधित मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें किशोरावस्था की समस्याओं पर खुलकर चर्चा की गई। यह कार्यशाला छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण रही।

कार्यक्रम में डॉ. मुक्ता अग्रवाल,बलवीर सिंह, डॉ. अनुज अग्रवाल, कपिल एवं सुरजीत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।