शाहजहांपुर में महिला की संदिग्ध हालात में मौत:मायकेवालों ने मारपीट और जहर देने आरोप लगाया, पिता बोले- भैंस बेचकर फ्रीज दी थी

शाहजहांपुर में महिला की संदिग्ध हालात में मौत:मायकेवालों ने मारपीट और जहर देने आरोप लगाया, पिता बोले- भैंस बेचकर फ्रीज दी थी

शाहजहांपुर में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। मृतका की पहचान 25 वर्षीय संतोषी के रूप में हुई है। मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर मारपीट कर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से पति लगातार दहेज की मांग कर रहा था। संतोषी के पिता ने बताया कि उन्होंने शादी के एक साल बाद एक भैंस बेचकर दामाद को फ्रिज दिया था। इसके बावजूद पति संतोषी को प्रताड़ित करता था और मायके में फोन पर बात करने पर उसकी पिटाई करता था। उन्होंने पुलिस से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।

संतोषी (24) की शादी दो साल पहले सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के उटहा गांव से कटरा क्षेत्र के अहिया मोहनापुर गांव के विपिन के साथ हुई थी। पिता श्रीपाल के अनुसार, उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार शादी में दहेज दिया था, जिसमें एक बाइक भी शामिल थी। शादी के बाद पति ने दहेज की मांग को लेकर संतोषी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

एक साल बाद दहेज की मांग पर उन्होंने एक भैंस बेचकर दामाद को फ्रिज दिया था। आरोप है कि फ्रिज देने के बाद भी संतोषी को लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा। करीब एक साल पहले मारपीट के बाद बेटी को मायके ले आए थे, लेकिन चार महीने बाद समझौता कराकर उसे वापस ससुराल भेजा गया।

मायके पक्ष का आरोप है कि संतोषी को फोन पर बात करने पर भी पीटा जाता था और पति उसे मायके वालों से बात नहीं करने देता था। डर के कारण संतोषी भी मायके वालों को कुछ नहीं बताती थी। बुधवार शाम को संतोषी की मौत की सूचना मिली।

मायके वालों ने घर जाकर देखा तो संतोषी के चेहरे से खून निकल रहा था। उनका आरोप है कि मारपीट कर जहर देकर उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने बताया कि एक महिला की मौत हुई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी