#Moradabad मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने गौ संरक्षण केन्द्रों का किया निरीक्षण

मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने गौ संरक्षण केन्द्रों का किया निरीक्षण

फाजलपुर व भटावली गौशालाओं में व्यवस्थाएं संतोषजनक, दिए अहम निर्देश

मुरादाबाद। शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी द्वारा विकास खण्ड-मुरादाबाद में स्थित वृहद गो संरक्षण केन्द्र, फाजलपुर एवं अस्थाई गौ आश्रय स्थल, भटावली का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारी, ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव, पशुधन प्रसार अधिकारी तथा गौशाला पर कार्यरत केयर टेकर मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान गो संरक्षण केन्द्र फाजलपुर में 185 गोवंश तथा अस्थाई गौ आश्रय स्थल भटावली में 145 गोवंश संरक्षित पाए गए। गौशालाओं में भूसा एवं हरा चारा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिला। केयर टेकरों द्वारा बताया गया कि गोवंशों को प्रतिदिन 500 ग्राम दाना नियमित रूप से दिया जा रहा है।

इसके साथ ही गौ आश्रय स्थल से लिंक 03 हेक्टेयर भूमि पर हरा चारा बोया गया है, ताकि पशुओं को पोषणयुक्त चारा नियमित रूप से उपलब्ध कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान फाजलपुर गौशाला में 04 फीट ऊंचे प्लेटफार्म का निर्माण कार्य चलते पाया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि बरसात के दौरान जलभराव होने पर गोवंशों को प्लेटफार्म पर सुरक्षित रखा जाए।

भीषण गर्मी को देखते हुए गोवंशों को लू से बचाने के लिए शेडों के चारों तरफ जूट के पर्दे लगाए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि इन पर्दों को हर दो घंटे में पानी से भिगोया जाए, जिससे गौवंशों को गर्मी से राहत मिल सके।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने फाजलपुर केन्द्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को सुचारू रूप से चालू कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने गोवंशों के स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा और निर्देश दिए कि जांच के बाद गर्भवती गायों को अलग रखा जाए।

अस्थाई गौ आश्रय स्थल भटावली में कार्यरत केयर टेकरों के मानदेय भुगतान को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित ग्राम पंचायत सचिव को निर्देश दिए कि केयर टेकरों का मानदेय नियमित रूप से भुगतान कराया जाए।

निरीक्षण के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने गौशालाओं में साफ-सफाई, सुरक्षा, चारा व्यवस्था एवं पशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।