गुप्त तरीके से पटवारियों का स्थानांतरण: सतत प्रक्रिया या आर्थिक लाभ का जरिया?

बैकुंठपुर। जिले में पटवारियों के स्थानांतरण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कथित तौर पर गुप्त तरीके से किए जा रहे तबादलों ने पारदर्शिता पर संदेह पैदा कर दिया है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज है कि यह प्रक्रिया नियमित प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा है या फिर इसके पीछे आर्थिक लेन-देन का खेल चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 1 मई से मुख्यमंत्री का दौरा प्रस्तावित है। ऐसे में दागी माने जा रहे कुछ पटवारियों को लेकर भी हलचल बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि ग्राम स्वराज और जनगणना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के बीच यह तबादला प्रक्रिया सवालों के घेरे में है। जानकारी यह भी सामने आई है कि कुछ पटवारियों द्वारा कथित रूप से ?चढ़ावा? देकर बैकुंठपुर तहसील में पदस्थापना हासिल करने की कोशिश की गई है। यदि यह आरोप सही पाए जाते हैं, तो इससे न केवल प्रशासन की छवि प्रभावित होगी बल्कि आम जनता की समस्याएं भी बढ़ सकती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के तबादलों से राजस्व संबंधी कार्यों में पारदर्शिता और निष्पक्षता प्रभावित होती है, जिससे ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।इधर, मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए शिकायतें करने की तैयारी भी शुरू हो गई है। सूत्रों के अनुसार, स्थानांतरण से संबंधित एक सूची जारी होने की भी जानकारी मिल रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन आरोपों पर क्या रुख अपनाता है और क्या जांच के जरिए सच्चाई सामने लाई जाती है या नहीं।