शासकीय आवास पर प्रशासन की सख्ती, अवैध कब्जा हटाकर मकान कराया खाली

बैकुंठपुर। जिले में शासकीय संपत्तियों के दुरुपयोग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जेल रोड स्थित एक सरकारी आवास को खाली कराकर सील कर दिया गया। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुंठपुर के निर्देशन में की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर शासकीय आवास क्रमांक जी-7 को खाली कराने की प्रक्रिया पिछले कई महीनों से चल रही थी। इस संबंध में संबंधित सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी कश्यप को छत्तीसगढ़ लोक परिसर (बेदखली) अधिनियम 1974 के तहत नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के बावजूद आवास खाली नहीं किए जाने पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई। तहसीलदार कोरिया को कार्रवाई के निर्देश दिए गए और पुलिस बल की मांग की गई। मंगलवार को तहसीलदार बैकुंठपुर की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवास को खाली कराया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि सरकारी आवास का उपयोग किराये के रूप में किया जा रहा था, जहां पांच किरायेदार रह रहे थे। कार्रवाई के बाद पूरे मकान को खाली कराकर सील कर दिया गया। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुंठपुर ने स्पष्ट किया है कि शासकीय संपत्तियों पर अवैध कब्जा या दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।