जयपुर में बन रहा जयपुर जंक्शन जैसा एक और मेगा स्टेशन, खातीपुरा बनेगा सैटेलाइट टर्मिनल

जयपुर। जयपुर शहर में रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी सौगात तैयार हो रही है। ट्रेनों की बढ़ती संख्या और जयपुर जंक्शन पर बढ़ते दबाव को देखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा खातीपुरा रेलवे स्टेशन को जयपुर जंक्शन की तर्ज पर पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर मेगा टर्मिनल स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद जयपुर को एक नया आधुनिक सैटेलाइट स्टेशन मिलेगा, जिससे ट्रेनों की हैंडलिंग क्षमता में बड़ा विस्तार होगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार खातीपुरा स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ-साथ ट्रेनों के रखरखाव और मेंटेनेंस हब के रूप में भी तैयार किया जा रहा है। यहां ट्रेनों के परिचालन के बाद खड़ा रखने के लिए अतिरिक्त स्टेबलिंग लाइनें बनाई गई हैं, जिससे ट्रेनों की आवाजाही और संचालन अधिक सुगम होगा।

205 करोड़ की लागत से बन रहा कोच केयर कॉम्पलेक्स

खातीपुरा स्टेशन पर सभी प्रकार के रेक जैसे वंदे भारत, एलएचबी और डेमू ट्रेनों के मेंटेनेंस के लिए कोच केयर कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जा रहा है। यह कार्य 205 करोड़ रुपये की लागत से तेजी से प्रगति पर है। इसके तहत स्टेशन पर नई लाइनें, वॉशिंग पिट, ऑटोमैटिक कोच वाशिंग प्लांट, स्टेबलिंग लाइन और आधुनिक तकनीकी संसाधन विकसित किए जा रहे हैं।

06 हाई लेवल प्लेटफॉर्म और 08 लाइनें

फिलहाल खातीपुरा स्टेशन पर 06 हाई लेवल प्लेटफॉर्म और 08 लाइनें उपलब्ध हैं। हाई लेवल प्लेटफॉर्म होने के कारण यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने में सुविधा मिलेगी। साथ ही 08 लाइनों की उपलब्धता से ट्रेनों की क्रॉसिंग में बाधा कम होगी और संचालन तेज होगा।

अलग-अलग लाइनों से मजबूत होगा मेंटेनेंस सिस्टम

जयपुर की ओर ट्रेनों की धुलाई, टेस्टिंग, इंस्पेक्शन, हेवी रिपेयर, ड्रॉप पिट, जैक पिट आदि के लिए 05 अलग लाइनें और स्पर/शंटिंग के लिए 03 अलग लाइनें बनाई गई हैं। इसके अतिरिक्त 02 मंजिला लिनन रखरखाव भवन भी निर्माणाधीन है।

दौसा की ओर भी स्पर/शंटिंग के लिए 02 लाइनें, इंजन बदलने, स्टेबलिंग और पानी भरने के लिए 02 अतिरिक्त लाइनें बनाई गई हैं। साथ ही व्हील लेथ शेड, चार्जिंग आदि के लिए 04 अतिरिक्त लाइनें विकसित की जा रही हैं। स्टेशन पर 03 मंजिला प्रशासनिक भवन और यार्ड मास्टर कार्यालय भी बनाए जा रहे हैं।

ऑटोमैटिक कोच वाशिंग प्लांट और हाईटेक मशीनें होंगी स्थापित

कोच केयर कॉम्पलेक्स में आधुनिक उपकरणों की स्थापना की जा रही है, जिसमें ऑटोमैटिक कोच वाशिंग प्लांट, कंप्यूटराइज्ड व्हील प्रोफाइल मैनेजमेंट सिस्टम, सिंक्रोनाइज्ड इलेक्ट्रिक व्हील लिफ्टिंग जैक, कोच लिफ्टिंग यूनिट, वाटर रिसाइक्लिंग प्लांट, उच्च क्षमता के क्रेन और मोटर ड्रिवन विंचिंग मशीन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। इससे ट्रेनों के मेंटेनेंस के लिए कोचों को अन्य स्थानों पर ले जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी।

जयपुर जंक्शन का विकल्प बनेगा खातीपुरा

रेलवे प्रशासन का मानना है कि खातीपुरा को सैटेलाइट टर्मिनल के रूप में विकसित करने से जयपुर जंक्शन पर यात्रियों और ट्रेनों का दबाव कम होगा। साथ ही इससे दिल्ली कॉरिडोर सहित लंबी दूरी के नए रूटों पर ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं बढ़ेंगी। आने वाले समय में खातीपुरा स्टेशन जयपुर के लिए एक बड़ा परिवहन केंद्र बनकर उभरेगा और शहर को आधुनिक रेल सेवाओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।