हरदोई में दिनदहाड़े 10 वर्षीय बच्ची को मारी गोली, बीच सड़क वारदात से दहशत, परिजनों के साथ घर वापस जाते वक्त हुई घटना

हरदोई। जिले के मंझिला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े बीच सड़क पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक नाबालिग बच्ची को गोली मार दी। इस सनसनीखेज घटना से इलाके में दहशत फैल गई और महिला व बाल सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, आयुषी पुत्री बृजेश (उम्र करीब 10 वर्ष) निवासी कादरी गेट, जनपद फर्रुखाबाद, अपने भाई और मां के साथ करीब आठ दिन पहले अपने नाना राजबहादुर के यहां ग्राम पारा, थाना मंझिला में शादी समारोह में आई थी। शुक्रवार को वह अपने परिजनों के साथ ई-रिक्शा से वापस फर्रुखाबाद लौट रही थी।
इसी दौरान लोकपुर के पास मोटरसाइकिल सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली आयुषी के पैर में लगकर आर-पार हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घायल बच्ची को परिजन आनन-फानन में सीएचसी पिहानी लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है।
एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि घटना में संलिप्त एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सरेराह हुई इस वारदात से क्षेत्र में आक्रोश है। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।