हरदोई में इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम व गोदाम में भीषण आग, 22 लाख नकदी समेत 2 करोड़ से अधिक का नुकसान, फायर ब्रिगेड ने तीन घंटे में पाया काबू 

हरदोई। जिले के सांडी कस्बे में शुक्रवार तड़के करीब दो बजे एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम और गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों की नगदी समेत करोड़ों का सामान जलकर राख हो गया। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शोभित इलेक्ट्रॉनिक्स एंड फर्नीचर्स शोरूम में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और ग्राउंड फ्लोर से होते हुए प्रथम तल पर बने गोदाम तक फैल गई। आग की लपटों ने पूरे शोरूम और गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में एक गाड़ी पहुंची, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए हरदोई से तीन और बिलग्राम से दो अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस आग में टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, इनवर्टर, बैटरियां, सोफा, बेड, गद्दे समेत भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक्स और फर्नीचर का सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित दुकानदार पुनीत वाजपेई के अनुसार करीब 1 करोड़ 97 लाख रुपये का सामान और दुकान में रखी 22 लाख 43 हजार रुपये की नकदी आग की भेंट चढ़ गई। कुल नुकसान 2 करोड़ रुपये से अधिक आंका जा रहा है।
दुकानदार ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग समय पर पर्याप्त संसाधनों के साथ नहीं पहुंचा, जिससे नुकसान बढ़ गया। वहीं, अग्निशमन अधिकारी सुशील कुमार यादव ने बताया कि रात 1:40 बजे आग की सूचना मिली थी और पांच गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है।