आईजी ओमप्रकाश बोले- श्रीकरणपुर हेरोइन तस्करी का हब, थानाधिकारी को लगाई फटकार

खबर श्रीगंगानगर से है यहां भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर पर बसे श्रीकरणपुर पुलिस थाना क्षेत्र में नशा तस्करी बेलगाम हो चुकी है। बीकानेर संभाग आईजी ओमप्रकाश ने श्रीकरणपुर दौरे के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा कि श्रीकरणपुर अब हेरोइन तस्करी का हब बन चुका है। उन्होंने थानाधिकारी रजीराम पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रत्येक मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

सीएलजी व पुलिस मित्रों की बैठक ली....

आईजी ओमप्रकाश के दौरे के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने श्रीकरणपुर थाने में सीएलजी सदस्य, पुलिस मित्र व सखी सदस्यों की बैठक बुलाई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुवीर, श्रीकरणपुर सीओ पुष्पेंद्र सिंह सहित श्रीकरणपुर वृत के सभी थानाधिकारी व बीएसएफ के अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे सीएलजी सदस्यों ने क्षेत्र में बिगड़ी कानून व्यवस्था का मुद्दा आईजी के सामने उठाया।

गार्ड ऑफ ऑनर, पुलिस की पीठ थपथपाई....

थाने पहुंचने पर जवानों ने आईजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। आईजी ने तस्करों पर लगातार प्रहार करने व गैंगस्टर के नेटवर्क को तोड़ने की कार्रवाई पर पुलिस की पीठ थपथपाई। संभाग में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले दो कांस्टेबलों गोगामेड़ी थाने के मोनू तथा सदर थाना की नवनीत कौर को सम्मानित किया। आईजी ने नशे के खिलाफ पुलिस की कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

थानाधिकारी को दिए सख्त निर्देश....

बैठक में स्थानीय लोगों ने बढ़ती हेरोइन तस्करी और अपराधों पर चिंता जताई। इस पर आईजी ओमप्रकाश ने श्रीकरणपुर थानाधिकारी रजीराम को फटकार लगाते हुए कहा कि सीमा से सटे इस संवेदनशील क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। हर शिकायत और मामले में तुरंत एक्शन लें। जनता से संवाद बढ़ाएं और सूचना तंत्र मजबूत करें।

आईजी ने कहा कि बीएसएफ और पुलिस का संयुक्त अभियान तेज किया जाएगा। ड्रोन से हो रही तस्करी रोकने के लिए तकनीकी निगरानी बढ़ाई जा रही है। उन्होंने सीएलजी व पुलिस मित्रों से भी नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।