भारत-पाक बॉर्डर पर फिर नापाक हरकत, ड्रोन से गिराई 759 ग्राम हेरोइन बरामद

भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर पर पाकिस्तान की नापाक हरकतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर क्षेत्र में एक बार फिर हेरोइन का पैकेट बरामद हुआ है। समेजा पुलिस और बीएसएफ ने गांव 3 BWSM के एक खेत से पैकेट में बन्द 759 ग्राम हेरोइन जब्त की है। पाकिस्तानी ड्रोन से हेरोइन का पैकेट ड्रॉप किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

किसान की सूचना पर पहुंची पुलिस....

जानकारी के अनुसार गांव 3 BWSM निवासी किसान आत्माराम अपने खेत में फसल काट रहा था। इसी दौरान उसे खेत में एक संदिग्ध पैकेट पड़ा मिला। किसान ने तत्काल समेजा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही समेजा थाना पुलिस और बीएसएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पैकेट को कब्जे में लिया। जांच में पैकेट से 759 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

शुक्रवार को मिला था विदेशी पिस्टल....

गौरतलब है कि शुक्रवार को भी रायसिंहनगर क्षेत्र के गांव 41-42 PS रोही के पास खेत से विदेशी पिस्टल व मैगजीन का पैकेट मिला था। लगातार हो रही इन घटनाओं से सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। ड्रोन के जरिए हथियार और नशा भेजकर पंजाब व श्रीगंगानगर में अशांति फैलाने की साजिश मानी जा रही है।

अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज....

समेजा पुलिस ने अज्ञात तस्करों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में हेरोइन तस्करी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम इलाके में सर्च अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि बॉर्डर पर निगरानी और बढ़ा दी गई है। ड्रोन गतिविधियों पर नजर रखने के लिए तकनीकी संसाधनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।