राजगढ़ में दूध मिलावटखोरी के खिलाफ पत्रकारों का आंदोलन, तहसीलदारों को सौंपा ज्ञापन।खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने की मांग, आमजन भी हुए शामिल,।

राजगढ़। जिले में लगातार बढ़ रही दूध एवं खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी के खिलाफ अब आवाज बुलंद होने लगी है। इसी कड़ी में सहयोगी पत्रकार संगठन द्वारा जिलेभर में अभियान चलाते हुए विभिन्न तहसीलों में तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को ज्ञापन सौंपे गए। जीरापुर,खुजनेर,संडावता एवं राजगढ़ तहसील में पत्रकार संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर दूध सहित अन्य खाद्य सामग्री में हो रही मिलावट पर सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि मिलावटी दूध और खाद्य पदार्थों के कारण आमजन के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है, बावजूद इसके संबंधित विभाग द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।पत्रकारों ने प्रशासन से मांग की कि जिले में नियमित जांच अभियान चलाया जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो तथा मिलावटखोरी पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जाए। उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि जल्द ही प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो संगठन द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।इस दौरान पत्रकार संगठन के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक भी उपस्थित रहे और मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग का समर्थन किया। ज्ञापन सौंपने के दौरान क्षेत्र में जनहित के इस मुद्दे को लेकर लोगो में खासा उत्साह देखने को मिला।