उत्कल सांस्कृतिक सेवा समिति ने वार्षिकोत्सव सहयोग हेतु जताया आभार, जनगणना में ओड़िया भाषा के उल्लेख का किया आह्वान

रायगढ़। आज दिनांक 12 अप्रैल 2026 को उत्कल सांस्कृतिक सेवा समिति की महत्वपूर्ण बैठक समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक के प्रारंभ में समिति द्वारा हाल ही में आयोजित वार्षिक उत्सव एवं स्नेह सम्मेलन के सफल आयोजन हेतु सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाज के प्रत्येक सहयोगी को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से दिए गए सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। साथ ही साथ बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आगामी जनगणना/सर्वे के दौरान सभी सदस्य एवं ओड़िया भाषी नागरिक अपनी परंपरा एवं सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप अपनी भाषा के रूप में ओड़ियाका उल्लेख अनिवार्य रूप से कराएं। साथ ही सभी से यह अपील की गई कि वे समाज के प्रत्येक ओड़िया भाषी व्यक्ति तक यह संदेश पहुंचाएं, जिससे भाषा एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक के दौरान समिति द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा भी की गई। साथ ही प्रदेश के मुखिया विष्णु देव साय द्वारा पूर्व में की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर गंभीर चर्चा हुई।

इस संबंध में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सामाजिक सदस्यों की एक प्रतिनिधि टोली गठित कर प्रशासन, संस्कृति विभाग, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग से समन्वय स्थापित किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न सदस्यों की नियुक्ति भी की गई, जो शीघ्र ही संबंधित विभागों से संपर्क स्थापित कर आगे की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।

समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के सामूहिक प्रयासों से ओड़िया भाषा एवं जगन्नाथ संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्धन और अधिक सुदृढ़ होगा।

जारीकर्ता:

धिवक्ता आकाश कुमार मिश्रा

मीडिया प्रभारी

उत्कल सांस्कृतिक सेवा समिति, रायगढ़