ऐतिहासिक कुएं और सरकारी हैंडपंप पर अवैध कब्जे की कोशिश, मोहल्लेवासियों में आक्रोश

नगर पंचायत अध्यक्ष ने दिए जांच के आदेश, अतिक्रमण हटाने की उठी मांग

शमशाबाद फर्रुखाबाद संवाददाता।नगर के मोहल्ला इमादपुर थमरई में एक ऐतिहासिक कुएं और सरकारी हैंडपंप पर अवैध कब्जे का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। इस संबंध में मोहल्ले के दर्जनों निवासियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष जोया शाह फारूकी को शिकायत पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।मोहल्लेवासियों के अनुसार, यह ऐतिहासिक कुआं वर्षों से क्षेत्र की पहचान रहा है, जबकि पास में लगा सरकारी हैंडपंप हर मौसम में पेयजल का मुख्य स्रोत है। गर्मी, सर्दी या बरसात?हर समय राहगीर और स्थानीय लोग इसी हैंडपंप से पानी पीकर अपनी प्यास बुझाते हैं। ऐसे में इस स्थान पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण आमजन के लिए बड़ी समस्या बन सकता है।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रामसेवक पुत्र बेचेलाल और कन्हैयालाल द्वारा कुएं और हैंडपंप के पास नींव खुदवाकर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इससे सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जे की आशंका जताई जा रही है। इस मामले को लेकर मोहल्ले के करीब एक दर्जन लोगों?नरेंद्र सिंह, सुखलाल, विवेक कुमार, आदेश कुमार, उदयवीर, अनुज कुमार, रंजन सिंह, महेंद्र सिंह और राजेश कुमार समेत अन्य ने सामूहिक रूप से आपत्ति दर्ज कराई है।क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं रोका गया, तो क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा सकता है और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक हित को देखते हुए तत्काल कार्रवाई कर कब्जा हटवाया जाए।उधर, नगर पंचायत अध्यक्ष जोया शाह फारूकी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मौके पर जांच कराई जाएगी और यदि कुएं व हैंडपंप पर अवैध कब्जा पाया गया, तो निर्माण कार्य तुरंत रुकवाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।मोहल्लेवासियों को अब प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है, ताकि ऐतिहासिक धरोहर और सार्वजनिक जल स्रोत सुरक्षित रह सकें।